बिहारशरीफ।सोहसराय थाना क्षेत्र के जलालपुर मोहल्ले में शुक्रवार को निजी स्कूल लोहे के वजनी गेट से दबकर एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक सोहसराय के शृंगारहाट निवासी भरत चौधरी का 30 वर्षीय पुत्र छोटू चौधरी है। घटना के बाद स्कूल संचालक मौके से फरार हो गया। कुछ महिला कर्मी और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से मजदूर को ठेला से सदर अस्पताल लाया गया। जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की। घटना की खबर मिलने पर मृतक के परिजन अस्पताल पहुंचकर कलेजा पीटने लगें। मृतक के बड़े भाई पिंटू चौधरी ने रूट्स इंटरनेशनल आवासीय विद्यालय के संचालक पवन कुमार को आरोपित प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुट गई है। स्कूल में निर्माण कार्य चल रहा था। झरझरिया ठेले पर सीमेंट लाया गया था। संचालक ने मजदूर को गेट खोलने के लिए कहा। मजदूर छोटू ने कहा गेट क्षतिग्रस्त है गिर सकता है। इसके बाद, दबाव देने पर मजदूर गेट खोलने गया। युवक ने जैसे ही गेट खोला उसी दौरान उसका एक वजनी पल्ला उसके ऊपर आ गिरा, जिससे मजदूर दब गया। गेट में नुकीला लोहा लगा था जो मजदूर के पेट और चेहरे में जा धंसा। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और कुछ महिला कर्मी के सहयोग से वजनी गेट हटाया गया। तब तक मजदूर की मौत हो चुकी थी। इधर, संचालक मौके से फरार हो गया। स्कूल में कई वाहन लगे थे। बावजूद इसके मजदूर को ठेले पर लोडकर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने मौत की पुष्टि की।
कार्रवाई में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष शेर सिंह यादव ने बताया कि मृतक के भाई ने रूट्स इंटरनेशनल स्कूल के संचालक पवन कुमार को आरोपित कर प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस अग्रतर कार्रवाई में जुटी है। शव का पोस्टमार्टम सदर अस्पताल में कराया गया।